दिल्ली-यूपी में बारिश ने दी राहत, 16 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट; हिमाचल में तीन जगह बादल फटे…

देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 16 राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान की गंभीर चेतावनी जारी की गई है।

इस दौरान मौसम का मिजाज काफी आक्रामक हो सकता है और करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से प्रचंड हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने जिन 16 राज्यों के लिए खास तौर पर भारी बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और केरल शामिल हैं।

इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर उत्तरी राज्यों में देखने को मिल सकता है, जहां तूफानी हवाओं का रौद्र रूप लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। अचानक मौसम बिगड़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने विशेष रूप से उत्तरी भारत के निवासियों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

हिमाचल में तीन जगह फटे बादल, पुल व फसलें तबाह
हिमाचल में भारी वर्षा के रेड अलर्ट के बीच सोमवार को चंबा जिले के पांगी में तीन जगह बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई। यहां काम कर रहे श्रमिम फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने नाले के आर-पार लोहे की सीढ़ी बिछाकर निकाला।

बाढ़ से पुलियों व रास्तों के क्षतिग्रस्त होने के साथ नकदी फसल भी तबाह हो गई हैं। मंडी जिले में पहाड़ी धंसने से कुफरू सड़क के नीचे 90 फीट लंबी कृत्रिम झील बन गई है।

चारधाम यात्रा रोकी, देहरादून व मसूरी के बीच आवाजाही ठप

उत्तराखंड में वर्षा व भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित हैं। प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। यात्रा मार्ग सुरक्षित होने व मौसम को देखते हुए यात्रा के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

देहरादून-मसूरी राजमार्ग का करीब 10 मीटर हिस्सा पानीवाला बैंड के पास धंस गया है, जिससे आवाजाही ठप हो गई है।

श्रीअमरनाथ यात्रा रोकी गई

वहीं श्रीअमरनाथ यात्रा के जम्मू स्थित आधार शिविर, लखनपुर के अलावा कश्मीर में बालटाल व पहलगाम में भी हजारों शिवभक्त यात्रा शुरू होने के इंतजार में हैं। सोमवार तड़के जम्मू सहित कई जिलों में तेज वर्षा से जलभराव रहा और तवी व चिनाब नदी समेत कई नाले उफान पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *