केरल में बारिश बनी आफत, 15 की मौत; राहत-बचाव के लिए NDRF और सेना तैनात…

केरल में बारिश और बाढ़ का कहर लगातार जारी है। अब तक केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है और सात लोग अभी भी लापता हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को दी।

मुख्यमंत्री ने बारिश से जुड़ी घटनाओं में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग को कृषि भूमि को हुए नुकसान के लिए मुआवजे में संशोधन का प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया है।

किस जिले में हुई कितनी मौतें?

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोट्टायम में 3 मौतें हुई हैं, जिनमें पूंजर विधानसभा क्षेत्र के 2 लोग और पानी की टंकी में गिरकर डूबा एक बच्चा शामिल हैं। वहीं एनार्कुलम में 2, कोल्लम में 2, मलप्पुरम में 4, कन्नूर में 1, कोझिकोड में 1, इडुक्की और मुवत्तुपुझा में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।

लापता लोगों में कोल्लम और कन्नूर में 2-2, मलप्पुरम में 1 और इडुक्की व मुवत्तुपुझा में 1-1 व्यक्ति शामिल है

बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के बाद CM ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे तक राज्य में 316 राहत शिविर चल रहे थे, जिनमें बारिश और बाढ़ से विस्थापित 11,018 लोगों को आश्रय दिया गया है।

3 हजार से ज्यादा किसान प्रभावित

उन्होंने कहा शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 165 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, जिससे 3,596 किसान प्रभावित हुए हैं। अंतिम आकलन पूरा होने के बाद यह संख्या थोड़ी बढ़ सकती है।

सुरक्षा बलों की टीमें तैनात

सतीशन ने बताया कि भारी बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे राज्य के पथानामथिट्टा, कोट्टायम और अन्य इलाकों में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) और सुरक्षा बलों की टीमें तैनात की गई हैं।

NDRF टीम की गई तैनात

उन्होंने बताया कि पथानामथिट्टा में एक NDRF टीम तैनात की गई है, जबकि कोट्टायम में अभी दो टीमें तैनात हैं। अराक्कोनम से दो और NDRF टीमें मांगी गई हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें भेजा जा सकता है। हेलीकॉप्टर भी पहुंच चुके हैं।

जरूरत पड़ने पर अलाप्पुझा में ITBP के जवानों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह, जरूरत पड़ने पर कन्नूर और वायनाड में डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स के जवानों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

सतीशन ने कहा, मानसून से जुड़ी दिक्कतों के कारण पैदा हुए हालात की समीक्षा के लिए आज सुबह राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, संबंधित मंत्रियों, जिला कलेक्टरों और अधिकारियों की एक आपात बैठक हुई। मिली रिपोर्ट के अनुसार, सभी जिलों में स्थिति नियंत्रण में है।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया

वहीं मौसम विभाग ने केरल के लिए नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 3 और 6 अगस्त को राज्य में भारी बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मछुआरों को 2 और 3 अगस्त को केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप तट पर न जाने की सलाह दी है। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने और समुद्र में हालात खराब होने की संभावना है।

वहीं इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज ने उत्तरी केरल तट पर 2.7 से 3.5 मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *