ट्रेनों में आग की घटनाओं पर रेल मंत्री ने की उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश…

हाल के दिनों में ट्रेनों में आग लगने की कई घटनाओं के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

यह बैठक आग की घटनाओं समेत कई घटनाओं की शुरुआती जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद बुलाई गई थी।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, वैष्णव ने दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में देशभर के फील्ड अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया।

अधिकारियों ने बताया कि आरपीएफ आग की इन घटनाओं की सक्रियता से जांच कर रही है। कई मामलों में रेलवे द्वारा की गई त्वरित और सक्रिय कार्रवाई के कारण बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने और सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करने के अलावा यात्रियों को भी इस बात के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा कि वे यात्रा के दौरान व स्टेशन परिसर में इंतजार करते समय असामाजिक गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें।

बैठक में तकनीक-आधारित सुरक्षा प्रणालियों को उन्नत बनाने, पूरे रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज का विस्तार करने और रेलवे बोर्ड मुख्यालय व विभिन्न फील्ड जोन के बीच सुरक्षा समन्वय बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

वैष्णव ने कहा कि रेलवे; ट्रेनों, यात्रियों, स्टेशन परिसरों व विशाल रेल नेटवर्क की सुरक्षा बढ़ाने के लिए एआइ, ड्रोन और सीटीटीवी जैसे आधुनिक तकनीकी उपकरणों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *