रायगढ़ : रायगढ़ विधानसभा के गांवों को वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने दी विकास कार्यों की सौगात…

केसाईपाली में सांस्कृतिक शेड का लोकार्पण, रियापाली, दर्रीपाली सहित विभिन्न गांवों में निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति देते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने विभिन्न ग्रामों में लाखों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

इन कार्यों में आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक शेड, क्रिकेट मैदान में अहाता निर्माण और प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शामिल है। इन सुविधाओं से ग्रामीणों को सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, वहीं बच्चों की शिक्षा एवं पोषण और युवाओं की खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

केसाईपाली में सांस्कृतिक शेड का लोकार्पण, सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
ग्राम केसाईपाली (ग्राम पंचायत घुटकूपाली) में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के तहत 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक शेड का लोकार्पण किया गया। वहीं, सीएसआर मद से 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। सांस्कृतिक शेड ग्रामीणों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा, जबकि सामुदायिक भवन से गांव में सामूहिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

रियापाली में सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन
ग्राम रियापाली (ग्राम पंचायत घुटकूपाली) में सीएसआर मद से 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया। भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक कार्यक्रमों और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन के लिए सुविधा मिलेगी।
दर्रीपाली में शिक्षा, पोषण और खेल सुविधाओं का विस्तार

ग्राम दर्रीपाली (ग्राम पंचायत देवलसुर्रा) में सीएसआर मद से 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन, 13.10 लाख रुपये की लागत से क्रिकेट मैदान में अहाता निर्माण तथा 10.27 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से बच्चों के लिए पोषण और शिक्षा संबंधी सुविधाएं बेहतर होंगी, वहीं क्रिकेट मैदान में अहाता बनने से खेल गतिविधियों के लिए व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध होगा।

बोड़ाझरिया में आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन, शेड का लोकार्पण
ग्राम बोड़ाझरिया (कान्दागढ़) में सीएसआर मद से 14.35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अंतर्गत 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया गया।

’ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता-वित्त मंत्री श्री चौधरी
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और हर परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

गांवों में शिक्षा, पोषण, खेल और सामाजिक आयोजनों के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आंगनबाड़ी भवन बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक देखभाल को मजबूती देंगे, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष से शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर होगी तथा सामुदायिक भवन और सांस्कृतिक शेड ग्रामीणों के सामाजिक जीवन को सुविधाजनक बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। शासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है। विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों की सौगात मिलने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *