अहमदाबाद और मुंबई में छापेमारी, खून में मिलावट के मामले में 4 गिरफ्तार…

गुजरात पुलिस ने सोमवार को अहमदाबाद और मुंबई से चार लोगों को गिरफ़्तार किया। इनमें प्लाज़्मा कलेक्शन का एक पूर्व एग्जीक्यूटिव भी शामिल है।

इन पर आरोप है कि इन्होंने फार्मास्युटिकल कंसाइनमेंट से ब्लड प्लाज्मा चुराया और डिलीवरी से पहले उसकी जगह घटिया या इस्तेमाल के लायक न रहने वाले यूनिट रख दिए।

अहमदाबाद ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट ने कहा, “असली प्लाज़्मा यूनिट्स को निकालकर उनकी जगह घटिया या बेकार प्लाज्मा भर दिया जाता था। मात्रा वही रखी जाती थी और पकड़े न जाने के लिए पैकेट को दोबारा सील कर दिया जाता था।”

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लगभग 114 लीटर प्लाज़्मा की हेराफेरी की और उसे ₹5,000 प्रति लीटर के हिसाब से बेचा। पुलिस ने बताया कि यह रैकेट महाराष्ट्र और गुजरात में चल रहा था; प्लाज्मा महाराष्ट्र के वाशिम स्थित एक ब्लड बैंक से लिया जाता था और अहमदाबाद के पास खेप की हेराफेरी और उसमें छेड़छाड़ की जाती थी।

जांच के दौरान 1,140 प्लाज़्मा यूनिट्स, एक डीप फ्रीज़र, केमिकल की बोतलें, एक सीलिंग मशीन और एक गाड़ी ज़ब्त की गई, जिनकी कुल कीमत ₹12.06 लाख आंकी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *