छात्रों पर AK-47 के इस्तेमाल के आरोप को लेकर राहुल का सरकार पर हमला, भाजपा बोली- कांग्रेस नेता फैला रहे झूठ…

बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों के विरुद्ध एके-47 राइफलों के इस्तेमाल के आरोपों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा की तीखी आलोचना की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग की कि वह माफी मांगें और छात्रों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें।

जवाब में भाजपा ने राहुल पर अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और उनके बयान को दुर्भाग्यपूर्ण एवं पाप करार दिया। पार्टी ने कहा कि वह झूठी बातें और गलतफहमियां फैलाने के लिए माफी मांगें।

राहुल ने एक्स पर हिंदी में पोस्ट में कर कहा, “पूरा तंत्र छात्रों के लिए जानलेवा हो गया है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एके-47 से फायरिंग की गई है और सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार कर उन पर एफआईआर दर्ज की गई है।

मोदी जी, आपके उस वादे का क्या हुआ कि छात्रों के खिलाफ कोई एफआइआर दर्ज नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा?

इसके बजाय उन पर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों के विरुद्ध पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया और बिहार में एके-47 का। चाहे उत्तर प्रदेश हो, बंगाल हो, बिहार हो या दिल्ली- हर जगह एक ही पैटर्न देखने को मिल रहा है। मैंने पहले भी कहा है, यह सरकार बेईमान है। सुधार करना इसकी क्षमता से बाहर है।

यह अपने वादों से मुकर जाएगी और छात्रों की आवाज दबाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाएगी।” कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि विरोध कर रहे छात्र आतंकवादी नहीं थे।

पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह बहुत शर्म की बात है कि नेता विपक्ष बेहद गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार दिखाया है। उन्होंने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा, ‘क्या इस देश में पुलिस कभी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के लिए एके-47 का इस्तेमाल करती है? क्या ऐसा कभी हुआ है?

राहुल गांधी कैसे कह सकते हैं कि एके-47 का इस्तेमाल किया गया है? यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि राहुल गांधी को ऐसी झूठी बातें और गलत जानकारी फैलाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।” पात्रा ने लोगों से अपील की कि वे राहुल के गांधी के बयान को गंभीरता से न लें।

राहुल को नेता विपक्ष पद से हटाने की कोशिश करेंगे : निशिकांत दुबे

नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के हाथों की कठपुतली बनकर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि वह उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने का प्रस्ताव लाने की कोशिश करेंगे।

दुबे ने कहा कि वह सरकार से 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी की विदेश यात्राओं, उनके सहयोगियों और उनके कथित गुप्त समझौतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल बनाने का भी आग्रह करेंगे। उनकी विदेश यात्राओं के बारे में कोई पारदर्शिता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *