आर माधवन के बेटे वेदांत ने खोला ‘इंडियन बॉडी टाइप’ का राज, बताया खेलों में भारतीय कहां रह जाते हैं पीछे…

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। वेदांत एक स्विमर हैं, जो एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हैं। आपको बता दें कि एशियाई खेल इस साल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में आयोजित होने वाला है। 

हाल ही में, वेदांत माधवन ने पीटीआई को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने अपनी तैयारियों पर खुलकर बात की, लेकिन एक ऐसी बात कही, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। वेदांत ने खेलों में भारतीयों की परफॉर्मेंस को उनकी डाइट से जोड़ा। आइए जानें भारतीयों की डाइट के बारे में वेदांत ने क्या कहा। 

खान-पान में सुधार की जरूरत

वेदांत का मानना है कि भारतीय जेनेटिक रूप से काफी गिफ्टेड हैं, जो उनके स्पोर्ट्स करियर के लिए अच्छा है। साथ ही, भारतीयों में टैलेंट की भी कोई कमी नहीं है, लेकिन एक चीज जो हमें रोक रही है, वो है हमारी डाइट। अगर अपने खान-पान में सुधार किया जाए, तो हम बेहतर एथलीट बन सकते हैं। 

ज्यादा फैट बचाती है बॉडी

इवॉल्यूशन के कारण भारतीयों का शरीर ज्यादा फैट स्टोर करता है। इसे एशियन फेनोटाइप या थिन-फैट बॉडी टाइप कहा जाता है। हजारों साल पहले शिकार छोड़ने और खेती अपनाने के साथ-साथ बदलती जलवायु जैसे कारण इसके पीछे जिम्मेदार हैं। 

दरअसल, जलवायु परिवर्तन के कारण मानसून काफी अनप्रेडिक्टिबल हो गया है। इसलिए पीढ़ियों से बार-बार पड़ने वाले अकाल से बचने के लिए हमारा शरीर मांसपेशियों के निर्माण की जगह फैट जमा करने लगता है, ताकि भूखमरी की स्थिति में शरीर को एनर्जी मिलती रहे। इसे आप एक तरह का सर्वाइवल मैकेनिज्म समझ लीजिए। 

डाइट में ये चीज बढ़ानी है जरूरी

इस इंडियन बॉडी टाइप के नुकसान से बचने के लिए वेदांत ने सुझाव दिया कि हमें हमारी डाइट में प्रोटीन की खुराक बढ़ाने की जरूरत है। भारतीयों की डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसके पीछे भी कारण है कि पेट भरे रखने और एनर्जी के लिए ज्यादातर लोग अपनी डाइट में कार्ब्स ज्यादा शामिल करते हैं, लेकिन प्रोटीन को अनदेखा कर देते हैं। 

वेदांत ने बताया कि वो अपनी डाइट के लिए भी एक डाइटिशियन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और डाइट में बदलाव से उनकी स्पीड और फॉर्म में काफी सुधार आया है। अगर भारतीय अपनी डाइट में ये सुधार कर लें, तो वे काफी बेहतरीन परफॉर्म कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *