कांग्रेस ने 11 दिनों में चौथी बार इजाफे के साथ पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अब तक हुई लगभग आठ रुपए की भारी बढ़ोतरी को जनता की जेब पर बड़ा प्रहार बताते हुए मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा और उन्हें ‘महंगाई मानव’ बताते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं ताकि चुपके-चुपके जनता की जेब कटती रहे।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हर दूसरे दिन ईंधन कीमतों में इजाफे से साफ है कि देश की अर्थव्यवस्थ्धा ध्वस्त हो रही है और प्रधानमंत्री इसे संभाल नहीं पा रहे हैं।
पेट्रोल-डीजल के मूल्य में सोमवार को करीब पौने तीन रुपए तक की हुई बढ़ोतरी पर बिफरते हुए एक्स पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि ‘मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था।
पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल 8 रुपए महंगा कर दिया और ये बढ़ोतरी होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है-चुनाव में वादे और बाकी समय जनता की जेब पर वार।’
राहुल ने पीएम मोदी को कहा ‘महंगाई मेन’
मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के मंगलवार को पार्टी नेतृत्व से मिलने के लिए दिल्ली पहुंचने के सवाल को भले ही यह कहते हुए टाल दिया कि इस पर वे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे और राहुल गांधी इन वा बात करेंगे मगर पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि को लेकर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया।
पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए पीएम मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पारले बिस्किट या चॉकलेट के जो विज्ञापन वह कर रहे हैं उससे साफ है कि देश की अर्थव्यवस्था सुधारने को लेकर वे गंभीर नहीं हैं।
यूपीए सरकार आम लोगों को राहत देने के लिए भारी सबसिडी देती थी मगर पीएम मोदी यह काम नहीं कर सकते और उल्टे 10 दिनों में करबी आठ रुपए पेट्रोल-डीजल पर बढ़ा दिए हैं और साफ तौर पर जनता का पैसा लूटा जा रहा है।
सुप्रिया श्रीनेत से भी केंद्र पर साधा निशाना
किश्तों में मूल्यवृद्धि को सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता बताते हुए खरगे ने कहा कि अगर सरकार में दूरदर्शिता की कमी है और प्रधानमंत्री को शासन की समझ नहीं है तो यूपीए सरकार के समय तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह के दृष्टांतों से सीखना चाहिए कि विश्व आर्थिक मंदी संकट और बैंकिंग घोटालों के बीच भी देश की अर्थव्यवस्था को कैसे संभालते हुए इकॉनमी को नंबर एक पर पहुंचाया।
कांग्रेस डिजिटल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने बयान में कहा कि जनता मोदी सरकार के लिए मेंढक की तरह हो गई है जो जब उबलते पानी से भाग जाता है उसे गुनगुने पानी में डाला जाता है।
फिर धीरे धीरे तापमान बढ़ाया जाता है-मेंढक अभ्यस्त हो जाता है और फिर मर जाता है। ऐसे ही सरकार पेट्रोल डीजल के दाम धीरे धीरे बढ़ा कर महंगाई के बोझ से जनता को मार रही है।