Amarnath Yatra 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुकानों और टेंट के आवंटन के लिए ड्रॉ भी निकाल लिए गए हैं…

आगामी तीन जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज की गई हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए दुकानों, टेंट व अन्य आवश्यक सामान की आवंटन प्रक्रिया शुरू की गई है।

इसके तहत शुक्रवार को अनंतनाग में टेंट और दुकानों के आवंटन के लिए ड्रॉ निकाले गए। यह प्रक्रिया खनाबल स्थित डाक बंगले में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई। एक संयुक्त समिति द्वारा निकाले गए इस ड्रॉ के दौरान एडीसी, सीईओ पीडीए, एसडीएम पहलगाम, एडी पर्यटन पहलगाम और एनआइसी के डीआइओ मौजूद रहे।

आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए रैंडमाइजेशन साफ्टवेयर का उपयोग किया गया। उपायुक्त अनंतनाग एवं पहलगाम मार्ग के यात्रा अधिकारी बिलाल मुहिउद्दीन भट्ट ने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की।

यात्रा मार्ग पर विभिन्न चिन्हित स्थानों पर दुकानें और टेंट लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। आवंटन प्रक्रिया श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और मंडलायुक्त कश्मीर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई। जिला उपायुक्त ने कहा कि यह पहल यात्रा से पहले की व्यवस्थाओं का हिस्सा है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

वहीं, गांदरबल जिला प्रशासन की तरफ से भी टेंट व दुकानों के लिए जगह अलाट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है जो कुछ दिनों के अंदर पूरी कर ली जाएगी। गांदरबल जिला से पारंपरिक बालटाल मार्ग और अनंतनाग जिला से पहलगाम मार्ग आता है। यात्रा के लिए अग्रिम यात्री पंजीकरण जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *