
तेलंगाना के जगतियाल जिले में एक 20 साल की गर्भवती यूट्यूबर की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी। इस बात की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
पीड़िता की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है। वह मंगलवार को माधोपुर गांव में अपने माता-पिता के घर पर खून से लथपथ पाई गई थी। कोरुटला के इंस्पेक्टर सुरेश के अनुसार, महिला के माता-पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
महिला का पति गिरफ्तार
पीड़ित के पिता एस.आर. दुर्गाप्रसाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आरोपी चित्तारी हरिप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि हरिप्रसाद ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर और उसके चेहरे पर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी।
10 महीने पहले हुई थी शादी
इस जोड़े की शादी को लगभग दस महीने हुए थे। पीड़िता के पिता ने यह आरोप भी लगाया कि वैष्णवी को उसके पति के साथ-साथ उसकी सास और देवर द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि हरिप्रसाद को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।
हालांकि हरिप्रसाद को हत्या का मुख्य आरोपी बनाया गया है, लेकिन जांचकर्ता उसके परिवार के सदस्यों की कथित संलिप्तता की भी जांच कर रहे हैं, जिन पर अपराध में मदद करने का आरोप है।