चौहान ग्रीन वैली में लिफ्ट और पानी के पंपों की बिजली कटी,बिजली विभाग को 21 लाख रुपये से अधिक बकाया होने का दावा…

भिलाई-दुर्ग। दुर्ग जिले की प्रमुख आवासीय सोसायटियों में शामिल चौहान ग्रीन वैली में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सोसायटी की कई लिफ्ट और पानी के पंपों की बिजली आपूर्ति ठप पाई गई।

रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी लेने पर बिजली विभाग की ओर से बकाया भुगतान के चलते कनेक्शन काटे जाने की बात सामने आई।

मामले की पड़ताल के लिए जब हमारे संवाददाता ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और CSPDL के नेहरू नगर फीडर से जानकारी ली, तो वहां से भी बकाया भुगतान के चलते रायपुर से कनेक्शन काटे जाने की बात की पुष्टि की गई।

इसके बाद चौहान ग्रीन वैली सोसायटी कार्यालय में अध्यक्ष पी.एस.एन. राव से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि सोसायटी को मेंटेनेंस शुल्क के रूप में पर्याप्त राशि प्राप्त नहीं हो रही है। उनके अनुसार करीब 250 घरों से मेंटेनेंस की राशि नियमित रूप से नहीं आ रही है, जबकि कुछ ऐसे मकान भी हैं, जिन्होंने कई महीनों से राशि जमा नहीं की है।

अध्यक्ष के मुताबिक, बकाया भुगतान के चलते सोसायटी की 29 लिफ्ट और 4 पानी के पंपों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि CSPDL का सोसायटी पर करीब 21 लाख रुपये का भुगतान बकाया है।

70 प्रतिशत राशि जमा होने के बाद ही कनेक्शन जुड़ने की बात

सोसायटी प्रबंधन के अनुसार बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बकाया राशि का लगभग 75 प्रतिशत भुगतान जमा नहीं किया जाता, तब तक काटे गए कनेक्शनों को दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा। ऐसे में यदि जल्द भुगतान की व्यवस्था नहीं होती है, तो सोसायटी के रहवासियों को लिफ्ट और पानी की व्यवस्था को लेकर और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बड़ी सोसायटी में व्यवस्था पर उठे सवाल

चौहान ग्रीन वैली जैसी बड़ी आवासीय कॉलोनी में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लिफ्ट और पानी के पंपों के कनेक्शन कटने की घटना ने सोसायटी की वित्तीय व्यवस्था और मेंटेनेंस शुल्क की वसूली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में परिवारों के नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क जमा नहीं करने का सीधा असर अब आवश्यक सुविधाओं पर दिखाई देने लगा है।

इसमे सबसे ज्यादा परेशां वो लोग है जो समय पे मेंटेनेंस शुल्क दे रहे ।

गौरतलब है कि बिजली बकाया का मामला केवल चौहान ग्रीन वैली तक सीमित नहीं है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी बकाया बिजली बिल के चलते कई कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में दो से तीन महीने तक बिजली बिल का भुगतान लंबित रहने पर भी कनेक्शन काटे गए हैं।

अब देखना होगा कि चौहान ग्रीन वैली में सोसायटी प्रबंधन और रहवासियों के बीच बकाया मेंटेनेंस राशि की वसूली को लेकर क्या समाधान निकलता है और CSPDL का बकाया भुगतान कब तक किया जाता है, ताकि बंद पड़ी लिफ्ट और पानी के पंपों की बिजली आपूर्ति बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *