अमेरिकी नौसेना (US Navy) की 251वीं वर्षगांठ (जन्मदिन) के मौके पर बधाई देने की जल्दबाजी और हड़बड़ी कई में प्रमुख राजनेता, गवर्नर और सरकारी एजेंसियां एक बड़ी और हास्यास्पद चूक का शिकार हो गईं।
दरअसल, इन नेताओं ने अमेरिकी नौसेना की 251वीं वर्षगांठ पर बधाई देने की जल्दबाजी में भारत और अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी रूस के युद्धपोतों की तस्वीरें इस्तेमाल कर लीं।
जॉर्जिया के गवर्नर और कई नेताओं ने भारतीय नौसेना के INS गोदावरी, INS ब्रह्मपुत्र और INS त्रिकंद जैसे अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों की तस्वीरें पोस्ट कर दीं, तो वहीं कुछ अन्य अधिकारियों ने सोवियत काल और रूस के खतरनाक किरोव-क्लास बैटलक्रूजर की फोटो के साथ US नेवी को बधाई दे डाली। सोशल मीडिया पर इस भारी चूक के बाद अब इन अमेरिकी राजनेताओं का जमकर मजाक उड़ रहा है।
किसने किया खुलासा?
जॉर्जिया के रिपब्लिकन गवर्नर ब्रायन पी. केम्प ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अमेरिकी नौसेना के स्थापना दिवस पर लिखा- ‘हमारे देश की स्थापना के शुरुआती दिनों से ही, नौसेना ने हमारे देश की रक्षा की है और समुद्रों के पार स्वतंत्रता की हिफाजत की है। इसके स्थापना दिवस पर, हम उन नौसेनिकों को सलाम करते हैं, जिनकी सेवा, बलिदान और साहस इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।’
लेकिन अपनी बधाई के साथ, केम्प ने भारतीय नौसेना के युद्धपोतों INS गोदावरी, INS ब्रह्मपुत्र और INS ब्यास की एक पुरानी तस्वीर लगा दी, जिसमें वे एक कतार में चल रहे थे। इस गलती को एक द वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार डेव ब्राउन ने पकड़ा और केम्प के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा- ये भारतीय युद्धपोत हैं। यह तस्वीर 2008 में अमेरिका और भारत के बीच हुए संयुक्त नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार’ की बताई जा रही हैं।
इसके बाद पत्रकार ने ध्यान दिलाया कि सिर्फ गवर्नर केम्प ही अकेले ऐसे अमेरिकी राजनेता नहीं हैं जिन्होंने अमेरिकी नौसेना को जन्मदिन की बधाई देने के लिए विदेशी युद्धपोतों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया है। पत्रकार ब्राउन ने दूसरे अमेरिकी राजनेताओं और मशहूर हस्तियों की तरफ से की गई ऐसी ही गलतियों को भी बताया है।
और किन-किन राजनेताओं ने की गलती?
- ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के नेता और ओहियो के स्टेट रिप्रेजेंटेटिव माइक डोविला ने भी अमेरिकी नौसेना की स्थानपना दिवास के मौके पर बधाई देते हुए रूसी नौसेना के एक युद्धपोत शेयर की है। हैरानी की बात यह है कि वो खुद अमेरिकी नौसेना के पूर्व लेफ्टिनेंट कमांडर भी रह चुके हैं।
- US बॉर्डर पेट्रोल के अधिकारी जेफरी जे. डिनिस ने रूसी किरोव-क्लास बैटलक्रूजर की एक तस्वीर पोस्टकर अमेरिकी नौसेना को स्थापना दिवस की बधाई दी है।
- नॉर्थ कैरोलिना के अमेरिकी सांसद टिम मूर ने भी उसी तस्वीर को शेयर कर बधाई दी, जिसमें भारतीय नौसेना के तीन फ्रिगेट थे और जिसे केम्प ने शेयर किया है।
- सैन डिएगो के मेयर टॉड ग्लोरिया ने अमेरिकी नौसेना को बधाई देने के लिए सोवियत काल के एक पुराने क्रूजर ‘मिखाइल कुतुजोव’ की तस्वीरें शेयर की है।
- रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े थिंक टैंक ‘फ्रीडम कॉकस फउंडेशन’ के सोशल मीडिया अकाउंट ने भारतीय नौसेना के फ्रिगेट INS त्रिकंद की तस्वीर पोस्ट की है।
कब हुई थी अमेरिकी नौसेना की स्थापना?
दुनिया की सबसे ताकतवर नौसेनाओं में शुमार अमेरिकी नौसेना की स्थापना 14 अक्टूबर 1775 को हुई थी। उस समय ब्रिटिश आपूर्ति जहाजों को निशाना बनाने और उनका मुकाबला करने के उद्देश्य से ‘कॉन्टिनेंटल कांग्रेस’ ने पहले सशस्त्र जहाजों को तैनात करने की मंजूरी दी थी।