डिप्रेशन से जूझ रही पूजा दत्ता की बेंगलुरु में मिली लाश…

झारखंड की साफ्टवेयर इंजीनियर पूजा दत्ता की बेंगलुरु में संदिग्ध हालात में मौत मामले की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह डिप्रेशन में थी। उसने अपने परिवार से संपर्क भी तोड़ लिया था।

बेंगलुरु में किराये के फ्लैट में उसका खून से लथपथ शव मिला था। पुलिस ने बुधवार को बताया कि जांच में पता चला है कि पूजा ने एक साल पहले अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। तब से उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर रखा था।

बाद में उसने अपना सिम कार्ड बदलकर नया नंबर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। पिछले एक साल से उसका अपने परिवार या दोस्तों से कोई संपर्क नहीं था।

उसके घर की तलाशी के दौरान, पुलिस को दीवारों पर अकेलापन, प्यार, भरोसा, संतुष्टि, शांति और अहंकार जैसे शब्द लिखे हुए मिले। पुलिस उस युवक की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है जो अक्सर उसके घर आता-जाता था।

जांच अधिकारियों को अभी तक ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है जिससे यह पता चले कि उसकी हत्या की गई थी।

इस बीच, पूजा दत्ता के स्वजन ने पुष्टि की है कि नौकरी छूटने के बाद से वह उनके संपर्क में नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा ने कोविड के दौरान अपने पति को खो दिया था और तब से वह सामान्य नहीं हो पा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *