तेलंगाना पुलिस ने करीमनगर कस्बे में दिनदहाड़े आभूषण दुकान में हुई लूट के सिलसिले में कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है।
करीमनगर पुलिस आयुक्त गौश आलम ने गुरुवार को कहा कि मामले में 13 आरोपितों की पहचान कर ली गई है।
शेष आरोपितों की तलाश जारी है।लुटेरों ने तीन मई को पीएमजे आभूषण की दुकान पर हमला किया और गोलीबारी की। चार कर्मचारी गोली लगने से घायल हो गए। लुटेरे सोने के आभूषण और हीरे लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि सुबोध सिंह मुख्य आरोपित है, जो बिहार से अपना गिरोह चलाता है और वर्तमान में पूर्णिया जेल में बंद है। आरोप है कि उसने जेल से ही लूट की साजिश रची थी।
सुबोध सिंह गिरोह बिहार, बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तराखंड में लूटपाट की घटनाओं में शामिल है। यह गिरोह लूटपाट करने के लिए कुख्यात है।पुलिस ने मुख्य आरोपित रघुनाथ कर्मकार को गिरफ्तार किया है, जो बंगाल के आसनसोल का रहने वाला है।
उसने इस अपराध को अंजाम देने वाले गिरोह का नेतृत्व किया था। दो अन्य आरोपित रविश और मेहताब खान को बंगाल और बिहार से गिरफ्तार किया गया।