संतकबीर नगर में सोने के कारोबार में मुनाफे का लालच देकर 44.50 लाख की ठगी, पुलिस जांच में जुटी…

एक व्यापारी से सोने के कारोबार में लाभ का झांसा देकर 44 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली खलीलाबाद के दुर्गानगर बरदहिया बाजार निवासी विनोद जायसवाल पुत्र रामशरण जायसवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह व्यापार के सिलसिले में अरुणाचल प्रदेश के नामपांग, जिला चांगलांग गया था। वहीं उसकी मुलाकात रमजान अली पुत्र शौकत अली से हुई। आरोपित ने सोने के आभूषण व बिस्किट के व्यापार में भारी मुनाफे का लालच दिया और जीएसटी बिल पर वैध लेन-देन का भरोसा दिलाया।

पीड़ित के अनुसार, आरोपित के झांसे में आकर उसने अलग-अलग तिथियों में चेक व यूपीआई के माध्यम से कुल 44 लाख 50 हजार रुपये रमजान अली और उसके सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसमें 23 फरवरी 2026 को 8.50 लाख रुपये, 25 फरवरी को 2 लाख रुपये, 19 मार्च को 19.50 लाख रुपये, 20 मार्च को 9 लाख रुपये तथा यूपीआई के माध्यम से 2.50 लाख रुपये भेजे गए।

आरोप है कि रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालता रहा। जब विनोद ने पैसा वापस मांगा तो आरोपित रमजान अली, उसकी पत्नी आयशा हुसैन, पिता शौकत अली व अन्य परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए रकम लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि उसने यह धनराशि उधार लेकर दी थी, जिससे अब उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *