उज्जैन के तराना में रातभर बवाल, पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा…

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात उपद्रवियों ने कई स्थानों पर पत्थरबाजी और आगजनी की।

पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। शनिवार की सुबह प्रशासन ने स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया। दिनभर शांति रही। एहतियातन बाजार बंद रहे। सिर्फ पेट्रोल पंपों को चालू किया गया।

सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल तैनात है। डीआइजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा दिनभर तराना में मौजूद रहे। बता दें कि तराना में गुरुवार शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता साहिल ठाकुर पर मुस्लिम युवक सलमान बेग व उसके साथियों ने हमला कर दिया था। इसके बाद तराना सुलग उठा था।

लोगों ने बसों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। प्रतिक्रिया में दूसरे समुदाय के लोगों ने भी आगजनी की। दिन भर तनाव रहा।

रात में प्रशासन को उम्मीद थी कि शांति रहेगी लेकिन उपद्रवियों ने जगह-जगह लकड़ी की दुकान समेत अन्य स्थानों पर आगजनी की।

कई क्षेत्रों में पथराव की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने मौके पर बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भडकाऊ मैसेज भेजने वालों पर आइटी एक्ट व बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।

चार एफआइआइ दर्ज, 25 गिरफ्तार

नई बाखल क्षेत्र की निवासी 10 महिलाओं ने तराना थाने पहुंचकर तकिया मोहल्ला निवासी नावेद, सोहेल, रिहान, जीके उर्फ गोलू माडल, मोहसीन, तौहिद व अन्य लोगों के खिलाफ घरों पर हमला करने, दरवाजे, खिड़की तोड़ने, शिव मंदिर में तोड़फोड़ करने, पथराव करने के मामले में केस दर्ज करवाया है।

इसके अलावा पुलिस ने तराना में हुए हंगामे व तोड़फोड़ के मामलों में दो अन्य एफआइआर दर्ज की है। सोहिल ठाकुर की शिकायत पर भी उस पर हमला करने वाले छह नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज व वीडियो से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *