इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में भीड़ नियंत्रण को लेकर इंदौर के पुलिस उपायुक्त नरेंद्र रावत पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने अशोभनीय टिप्पणी पर आईपीएस एसोसिएशन ने आपत्ति दर्ज कराई है।
एसोसिएशन ने वक्तव्य जारी कर इस कृत्य की भर्त्सना करते हुए जनप्रतिनिधियों से लोक सेवकों के प्रति मर्यादित एवं संयमित आचरण बनाए रखने की अपेक्षा की।
उल्लेखनीय है कि वर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा था कि पुलिस अधिकारी सिंघम बनकर राहुल गांधी की टीम से झगड़ रहा था। कह रहा था कि मंच पर इतने लोग कैसे आ गए। कार्यक्रम उसका नहीं राहुल गांधी का था। ऐसे कई सिंघम आए और चले गए।
एसोसिएशन द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार कार्यक्रम में मंच प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व नगरीय पुलिस इंदौर के पुलिस उपायुक्त आईपीएस अधिकारी नरेंद्र रावत को सौंपा गया था।
पंडाल में अत्यधिक भीड़ के कारण व्यवस्था प्रभावित होने पर रावत कार्यक्रम के पूर्व प्रसारित दिशा निर्देशों के अनुसार जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए भीड़ को व्यवस्थित कर रहे थे।
इसी क्रम में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा द्वारा कर्तव्य पर उपस्थित पुलिस अधिकारी के प्रति मीडिया में दिए गए वक्तव्यों में अशोभनीय, आपत्तिजनक व अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं।