PM मोदी का सख्त संदेश – ‘पेपर लीक माफियाओं को नहीं छोड़ा जाएगा’, परीक्षा संशोधन बिल पर जताया भरोसा…

लोकसभा और फिर राज्यसभा में परीक्षा संशोधन विधेयक पास होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी किया।

वीडियो में पीएम मोदी ने पेपर लीक माफियाओं को सख्त संदेश देते हुए देश की परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से मजबूत और पारदर्शी बनाने के संकल्प पर जोर दिया।

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने इस बिल के पास होने को देश के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए देश को मिलकर आगे बढ़ना होगा और परीक्षा प्रणाली को सुधारने के लिए अभी कई और कदम उठाए जाएंगे।

पेपर लीक माफियाओं को सख्त संदेश

जारी वीडियो में पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार पेपर लीक करने वाले अपराधियों और गिरोहों को किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इसके अलावा पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना होगा।

देश में दशकों से पेपर लीक की समस्याएं- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने वीडियो में बताया कि देश में केंद्र और राज्य स्तर पर दशकों से पेपर लीक की समस्याएं चली आ रही थीं, जिसके चलते परीक्षा सुधार लाना बेहद जरूरी हो गया था। उन्होंने कहा कि हमने संसद में यह बिल पेश किया था। जैसा कि मैंने वादा किया था, संसद के दोनों सदनों में भारी संख्या में सांसदों की मौजूदगी और विस्तृत चर्चा के बाद इसे पारित कर दिया गया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि अब इस बिल के दोनों सदनों से पास होने के बाद एक भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सरकार इस तरह की स्थिति को ज्यादा समय तक टिकने नहीं देगी।

लोकसभा के बाद राज्यसभा में पारित हुआ विधेयक

बता दें कि सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पर गुरुवार को संसद की मुहर लग गई। विपक्ष के वॉकआउट के बीच विधेयक राज्यसभा से भी पारित हो गया। पेपर लीक समेत परीक्षाओं में गड़बड़ियों की त्वरित जांच एवं मुकदमे के साथ ही सजा में सख्ती लाने वाले इस विधेयक को लोकसभा ने बुधवार को ही पारित कर दिया था। 

अब इस पर राष्ट्रपति की स्वीकृति ही बाकी रह गई है। दिन में जब केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विधेयक पेश करते हुए इसके प्रविधानों का ब्योरा दिया तो विपक्षी सांसदों ने बैठे-बैठे ही नारेबाजी और टिप्पणियां शुरू कर दीं। इस पर जितेंद्र सिंह ने चुटकी ली, ‘शायद तीर सही निशाने पर लगा है।

विपक्ष ने सरकार की नीयत पर खड़े किए सवाल

दूसरी ओर विपक्ष ने कानूनी प्रविधानों को सुधार के लिए नाकाफी बताते हुए सरकार की नीयत पर प्रश्न खड़े किए। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार से पांच प्रश्न पूछते हुए कहा कि गृह मंत्री इनका जवाब दें या इस्तीफा दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *