PM मोदी का कानपुर दौरा स्थगित, 10 जुलाई को आगरा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों का उद्घाटन नहीं होगा…

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कानपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम टल गया है। इसके चलते शहर के चार भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का शुभारंभ अब नहीं होगा। उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने प्रधानमंत्री कार्यालय से नई डेट मांगी है। वहीं एक से डेढ़ माह में आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा। जिस पर एक साथ पांच स्टेशनों का शुभारंभ होगा।

मेट्रो के पहले कॉरिडोर में बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कालेज स्टेशन का हिस्सा शामिल है। छह किमी हिस्से में पांच मेट्रो स्टेशन हैं जिसमें चार स्टेशन भूमिगत और एक एलीवेटेड स्टेशन है। 10 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम कानपुर में प्रस्तावित था। जहां आगरा मेट्रो के चार स्टेशनों का शुभारंभ होना था।

कानपुर में प्रस्तावित था कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कार्यालय से मांगी गई नई डेट

यूपीएमआरसी ने इसकी तैयारी शुरू कर दी थी। स्टेशनों को सजाया जा रहा था। अब कानपुर का कार्यक्रम टल गया है। ऐसे में यहां के स्टेशनों का भी शुभारंभ नहीं होगा।

संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि 10 जुलाई को चार स्टेशनों का शुभारंभ नहीं होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय से नई डेट मांगी गई है। अप और डाउन लाइन में अभी तक 100 से अधिक परीक्षण हो चुके हैं। सभी परीक्षण सफल रहे हैं।

एक माह में एमजी रोड से पूरी तरह से हटेगी बैरिकेडिंग

यूपीएमआरसी की टीम एक माह में एमजी रोड से पूरी तरह से बैरिकेडिंग हटा देगी। अभी 40 प्रतिशत तक बैरिकेडिंग हट चुकी है। बैरिकेटिंग हटने के बाद डिवाइडर और रोड का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।

हाईवे पर तेजी से चल रहा है कार्य

यूपीएमआरसी की टीम नेशनल हाईवे-19 स्थित भगवान टॉकीज चौराहा से लेकर कालिंदी विहार तक तेजी से एलीवेटेड ट्रैक का निर्माण कर रही है। यह कार्य आठ माह में पूरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *