पीएम मोदी का बड़ा बयान: ‘पिछले 10 वर्षों में बढ़ा हरित आवरण, वन्यजीव संरक्षण में भी मिली उल्लेखनीय सफलता’…

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार और लोगों के साझा प्रयासों को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में केंद्र सरकार द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों के कारण देश के हरित आवरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा कई वन्यजीव प्रजातियों की आबादी में भी सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

प्रधानमंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित सभी लोगों के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति की रक्षा और सतत विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का अवसर प्रदान करता है।

पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। देश में वन क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।

प्रधानमंत्री ने ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, हिम तेंदुआ, स्लाथ बियर और चीतों के संरक्षण कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जैसी पहलें हर वर्ष लगभग 1.19 लाख हेक्टेयर वन क्षेत्र बढ़ाने में सहायक बनी हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के सिद्धांत और मिशन लाइफ की भावना के साथ भारत स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।

गृह मंत्रालय ने देशभर में पांच लाख से अधिक पौधे लगाए

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीएपीएफ सहित गृह मंत्रालय के सभी कार्यालयों ने शुक्रवार को देशभर में पांच लाख से अधिक पौधे लगाए।

यह राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा है और इस वर्ष सात करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल गृह मंत्रालय के उस निरंतर वृक्षारोपण अभियान का हिस्सा है जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 2020 में शुरू किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *