स्लोवाकिया दौरे पर पीएम मोदी ने देखा योग प्रदर्शन, भारत-स्लोवाकिया सांस्कृतिक रिश्तों को मिला नया आयाम…

दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारियों की बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ स्कूली बच्चों का योग प्रदर्शन देखा।

मोदी ने कहा कि युवाओं को योग अपनाते देखना बहुत अच्छा लग रहा है। यह देखकर भी खुशी हो रही है कि अच्छी सेहत के लिए योग लोगों को साथ ला रहा है।

राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से मुलाकात के बारे में मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “राष्ट्रपति पेलेग्रिनी, आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। मुझे खुशी है कि हम अपनी पिछली मुलाकात के दौरान हुई जरूरी वार्ता को जारी रख पाए। आपकी समझ और विचार हमेशा बहुत प्रेरणादायी और मूल्यवान होते हैं।”

ब्रातिस्लावा में बनारस से जुड़ाव- पीएम मोदी

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। मोदी ने “ब्रातिस्लावा में बनारस से जुड़ाव” का भी उल्लेख किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “ब्रातिस्लावा के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और मैंने वाराणसी पर आधारित एक दिलचस्प प्रदर्शनी देखी, जिसमें हाल ही में शहर घूमने आए स्लोवाक कलाकारों के काम भी शामिल थे। कला और संस्कृति में सच में अनोखी काबिलियत होती है।”

एक अन्य पोस्ट में मोदी ने साहित्यिक विद्वान डॉ. राबर्ट गैफ्रिक के साथ बातचीत के बारे में भी बताया, जिन्होंने 10 मुख्य उपनिषदों का संस्कृत से स्लोवाक में अनुवाद करने में पांच वर्ष लगाए। यह उपनिषदों का पहला स्लोवाक अनुवाद है।

मोदी ने कहा कि भारतीय इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिकता के लिए उनका जुनून सराहनीय है। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के अवसर पर मंगलवार को ब्रातिस्लावा कैसल को भारतीय तिरंगे के रंगों में रोशन किया गया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों को दर्शाता है।

मंगलवार को ही वह स्लोवाकिया का दौरा पूरा करके जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए फ्रांस लौट गए। स्लोवाक प्रधानमंत्री राबर्ट फिको उन्हें छोड़ने खुद एयरपोर्ट पर विदा करने के लिए आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *