प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यूरोपीय यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका बेहद शानदार और पारंपरिक स्वागत किया गया। स्लोवाकिया का दौरा करने वाले नरेंद्र मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं। उनके स्वागत में स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और डांस परफॉर्मेंस का एक रंगारंग नजारा पेश किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार शाम स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर यहां पहुंचे। एयरपोर्ट पर स्लोवाकिया के विदेश मंत्री जुराज ब्लानार ने उनका स्वागत किया।
जब गूंजा ‘वंदे मातरम’
इस स्वागत समारोह का सबसे खास पल वह था जब स्लोवाकिया के एक मशहूर लोक समूह ‘लुक्निका एन्सेम्बल’ के कलाकारों ने भारत का राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ गाया। पीएम मोदी ने इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने लिखा कि यह परफॉर्मेंस ऐसे समय में हुई है जब हम ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं और भारत के इतिहास व स्वतंत्रता संग्राम में इसके गौरवशाली योगदान को याद कर रहे हैं
ब्रेड और नमक खिलाकर स्वागत करने की अनोखी परंपरा
इतना ही नहीं स्लोवाकिया की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, सम्मानित मेहमानों का स्वागत ब्रेड और नमक देकर किया जाता है। यह वहां की संस्कृति में आतिथ्य, सम्मान और दोस्ती का प्रतीक है। पीएम मोदी को भी इस पारंपरिक रीति-रिवाज से सम्मानित किया गया।
स्लोवाक संस्कृति में ब्रेड की भूमिका
बता दें कि स्लोवाक संस्कृति में ब्रेड को समृद्धि और जीवन का आधार माना जाता है, जबकि नमक मूल्यवान होने, सुरक्षा और कभी न खत्म होने वाली दोस्ती का प्रतीक है। पीएम मोदी ने इस पर खुशी जताते हुए लिखा कि यह परंपरा स्लोवाकिया की खूबसूरत संस्कृति और उनके मैत्रीपूर्ण मूल्यों को दर्शाती है।
भारतीय समुदाय को कहा शुक्रिया
पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के मायजावा क्षेत्र के लोक समूह ‘कोपानिसियारिक’ के शानदार डांस की भी तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जो भारी संख्या में उनके स्वागत के लिए इकट्ठा हुए थे। पीएम ने कहा कि भारतीय प्रवासियों का यह प्यार दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाता है।
व्यापार और निवेश पर होगी चर्चा
गौरतलब है कि अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बातचीत का मुख्य फोकस दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, इनोवेशन (नवाचार), ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और रेलवे विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना है।