अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापक आपातकालीन टैरिफ को अवैध घोषित कर दिया है। टैरिफ के झटके के बाद ट्रंप का का साफ-साफ कहना है कि कोर्ट के हालिया फैसले के बावजूद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में कोई बदलाव नहीं होगा। यानी ट्रंप के अनुसार भारत पहले की तरह की टैरिफ देता रहेगा।
दरअसल, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा टैरिफ रद करने के बाद ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान भारत-अमेरिकी ट्रेड डील को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “भारत के साथ डील यह है कि वे टैरिफ देंगे। पहले जो स्थिति थी, उससे यह उलट है।
प्रधानमंत्री मोदी एक महान व्यक्ति हैं, लेकिन वे अमेरिका के खिलाफ काफी चतुर थे। भारत हमें लूट रहा था। अब हमने एक निष्पक्ष समझौता किया है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कुछ नहीं बदलेगा भारत को टैरिफ देना ही होगा, और हमें नहीं देना होगा। ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं होगा।”
भारत के साथ मेरे अच्छे संबंध
ट्रंप ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि भारत के साथ मेरे संबंध अच्छे हैं और हम भारत के साथ व्यापार कर रहे हैं। भारत रूस से तेल प्राप्त कर रहा था और उन्होंने मेरे अनुरोध पर काफी हद तक अपने संबंध तोड़ लिए, क्योंकि हम उस भयानक युद्ध को समाप्त करना चाहते हैं जिसमें हर महीने 25,000 लोग मर रहे हैं।”
फिर दोहराया भारत-पाकिस्तान सीजफायर का दावा
पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने फिर इस दावे को दोहराया कि उन्होंने पिछले साल गर्मियों में टैरिफ का उपयोग करके भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रोका था। ट्रंप ने कहा, “मैंने भारत और पाकिस्तान” के बीच युद्ध भी रोका। जैसा कि आप जानते हैं, 10 विमानों को मार गिराया गया था।
वह युद्ध चल रहा था और शायद परमाणु युद्ध में तब्दील हो जाता। “कल ही, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्ध रोककर 3 करोड़ लोगों की जान बचाई।”
टैरिफ की धमकी से रुका युद्ध
ट्रंप ने कहा कि मैंने इसे टैरिफ धमकी के जरिए ही रोका। ट्रंप ने कहा कि मैनें चेतावनी दी, “देखो, तुम लड़ना चाहते हो, ठीक है, लेकिन तुम संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ व्यापार नहीं करोगे, और तुम दोनों देशों को 200 प्रतिशत टैरिफ देना होगा। जिसके बाद दोनों देशों ने शांति स्थापित कर ली।”