पीएम मोदी ने लोगों से नौ संकल्प अपनाने की अपील की, विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर साझा किया विज़न…

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोगों से जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती, स्वास्थ्य और सेवा से संबंधित नौ सामूहिक संकल्प लेने की अपील की, ताकि विकसित कर्नाटक और विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

मांड्या के आदिचुनचनगिरि महासंस्थान मठ में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि यदि हम ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ इन नौ संकल्पों पर आगे बढ़ें, तो हम तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ सकते हैं।

यह मंदिर वोक्कालिगा समुदाय द्वारा पूजनीय मठ के 71वें पीठाधीश्वर बालगंगाधरनाथ महास्वामी को समर्पित एक स्मारक है।

कर्नाटक में पीएम मोदी का संबोधन

पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के साथ ‘सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्र’ नामक एक पुस्तक का विमोचन भी किया।

पीएम ने अपने संबोधन में कहा, ‘मैं अक्सर कहता हूं कि कर्नाटक तत्व-ज्ञान (दार्शनिक ज्ञान) और तंत्र-ज्ञान (तकनीकी ज्ञान) दोनों में समृद्ध है। यानी यहां दर्शन की गहराई और प्रौद्योगिकी की शक्ति दोनों मौजूद है।’

प्रधानमंत्री ने आध्यात्मिकता और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करने में मठ की भूमिका की सराहना करते हुए इसकी लगभग दो हजार साल पुरानी विरासत का उल्लेख किया।

सरकारी पहलों के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों गरीब नागरिकों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवा मिल सके, इसके लिए इन योजनाओं का विस्तार किया गया है।

सभी जीवों के प्रति संत की करुणा को याद करते हुए मोदी ने मोर संरक्षण के प्रयासों को पर्यावरण और सांस्कृतिक चेतना का उदाहरण बताया। कहा कि यह सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की बात नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना से भी जुड़ा है। मोर भारत का राष्ट्रीय पक्षी है और भगवान सुब्रह्मण्यम से भी संबंधित है।

पीएम के बताए नौ संकल्प

  • जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन करना
  • ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
  • सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता
  • ‘वोकल फार लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना
  • घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना
  • रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती को अपनाना
  • मोटे अनाज युक्त स्वस्थ भोजन को प्रोत्साहित करना और तेल की खपत को कम करना
  • योग और फिटनेस को अपनाना-सेवा की भावना को बढ़ावा देना

तमिलनाडु में मोदी के रोड शो में जुटी भारी भीड़

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए राजग उम्मीदवारों के समर्थन में एक बड़ी रोड शो की, जिसमें भारी भीड़ जुटी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन निश्चित रूप से जीतेगा, जबकि सत्ताधारी द्रमुक को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा।

अन्नाद्रमुक महासचिव एके पलानीस्वामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, उनके पूर्ववर्ती के अन्नामलाई, पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन और स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ मोदी ने एक सजी हुई गाड़ी पर खड़े होकर रोड शो की। उन्होंने कन्याकुमारी जिले में सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *