पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल क्षेत्र में लग्न का मौसम शुरू होते ही विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों की धूम है। मुण्डन, तिलक, फलदान, बहुभोज और घरभोज जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होती है।
ऐसे में घरेलू गैस की कमी न हो और सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए प्रशासन द्वारा कमर्शियल गैस सिलिंडर के उपयोग का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि किसी भी बड़े आयोजन में घरेलू गैस का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके लिए आयोजकों को निमंत्रण कार्ड के साथ अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना अनिवार्य किया गया है।
आवेदन की जांच और स्वीकृति के बाद ही कामर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था तय की गई है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
अनुमंडल कार्यालय फिलहाल केवल विवाह कार्यक्रमों के लिए ही कामर्शियल गैस उपलब्ध कराने में सक्रिय है, जबकि अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए कार्यालय ने असमर्थता जता दी है।
इससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। स्थानीय व्यक्ति मिथलेश पाण्डेय का कहना है कि मुण्डन, तिलक या बहुभोज जैसे कार्यक्रम भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं जितना विवाह।
इन आयोजनों में भी सैकड़ों लोगों का भोजन बनता है, ऐसे में घरेलू गैस का उपयोग न करने का आदेश तो है, लेकिन विकल्प नहीं दिया जा रहा।
सिलिंडर के लिए आवेदनों की भीड़
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तक विवाह समारोहों के लिए करीब दो सौ आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं अन्य कार्यक्रमों से जुड़े आवेदनों पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि प्रशासन का यह रवैया भेदभावपूर्ण है और इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। यदि घरेलू गैस के उपयोग पर रोक है तो सभी प्रकार के आयोजनों के लिए समान रूप से कामर्शियल गैस की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एक आवेदनकर्ता ने बताया कि कर्मियों का कहना है कि विवाह के अलावा किसी का आवेदन नहीं लिया जाएगा, यह अनुमंडल पदाधिकारी का आदेश है।