गम्हरिया-लिटियाही पथ पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे घटित इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही बाइक सवार किशोर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर सड़क जामकर प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान गम्हरिया थाना क्षेत्र की भेलवा पंचायत निवासी श्रवण यादव के इकलौते पुत्र अभिषेक कुमार (16) के रुप में हुई। हादसे में अभिषेक का चचेरा भाई दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल है।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
बताया गया कि दीपक कुमार (23) की मंगलवार की रात शादी हुई थी। शादी के उपरांत बहु भोज का निमंत्रण देने वह दोनों निकला था। गम्हरिया से वापसी के दौरान घर से महज 500 मीटर की दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी और बाइक सवार को कुचलते हुए फरार हो गया।
घायल को CHC में कराया गया भर्ती
गंभीर रूप से घायल दीपक को ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी नाजुक हालत को देख जेएनकेटी मेडिकल कालेज मधेपुरा रेफर कर दिया गया है।