इलेक्ट्रिक टूथब्रश से दांत साफ करने वाले रहें सतर्क! ब्रश ब्लास्ट होने के बाद महिला ने कहा- “गनीमत है कि जिंदा बच गई”…

ब्रिटेन में एक महिला के इलेक्ट्रिक टूथब्रश में ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद आग लग गई। मैनचेस्टर की रहने वाली 33 साल की चार्लोट बोवर्स ने 8 महीने पहले ये टूथब्रश खरीदा था लेकिन फरवरी 2026 को जब वह सो रही थीं तो इसमें अचानक से ब्लास्ट हुआ और अपने आप जल गया।

विस्फोट के कारण टूथब्रश में आग लग गई, लेकिन शुक्र है कि बाथरूम के शीशे के स्टील फ्रेम ने आग की लपटों को दूर तक फैलने से रोक दिया। महिला का कहना है कि वह भाग्यशाली हैं कि वह जीवित हैं।

‘अब नहीं करूंगी इलेक्ट्रिक टूथब्रश का इस्तेमाल’

महिला का कहना है कि अगर आईना नहीं होता तो वह और उनका साथी मर भी सकते थे। उन्होंने यह भी कहा कि अब वह कभी भी इलेक्ट्रिक टूथब्रश का उपयोग नहीं करेंगी।

महिला के मुताबिक, यह टूथब्रश ओरल बी कंपनी का था और कंपनी को जब इस बारे में शिकायत की तो उसने या तो 46 डॉलर या फिर नया टूथब्रश देने की पेशकश की, जबकि ब्रश में ब्लास्ट की वजह से हुआ नुकसान 267 डॉलर का था।

‘मुझे तो विश्वास ही नहीं हुआ’

चार्लोट नेटवर्क रेल के लिए काम करती हैं। उन्होंने सबसे पहले टॉक टू द प्रेस को अपनी कहानी बताई। उन्होंने कहा, “मुझे तो विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हो सकता है, ऐसा मैंने पहले कभी नहीं सुना था। मैं बाथरूम में गई तो देखा मेरे टूथब्रश फट गया था और उसमें आग लग गई थी। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं जिंदा बच गई क्योंकि आईने के स्टील फ्रेम ने आग को फैलने से रोक लिया था।”

महिला ने आगे बताया, “इस ब्रश को लेकर कोई वॉर्निंग भी नहीं दी गई थी। आठ महीने से इसका इस्तेमाल कर रही थी। मैंने हमेशा इसको सूखा रखा और चार्जिंग पर भी नहीं छोड़ा था। अब मैं ओरल बी से कभी कुछ नहीं खरीदूंगी और न कभी इलेक्ट्रिक टूथब्रश का इस्तेमाल करूंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *