कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा द्वारा दर्ज कराए गए मामले में पूछताछ के लिए असम पुलिस अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए। खेड़ा ने आरोप लगाया था कि शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेशों में अघोषित संपत्तियां हैं।
अपराध शाखा कार्यालय में प्रवेश से पहले उन्होंने कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”मुझे पुलिस ने तलब किया था। हम कानून और न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, इसलिए मैं कानूनी प्रक्रिया के अनुसार यहां हूं।’
खेड़ा ने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद वह प्रेस से विस्तार से बात करेंगे। वहीं, हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि कानून अपना काम करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, खेड़ा क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हुए और पुलिस उनसे पूछताछ जरूर करेगी।
हमें केंद्र सरकार से लिखित में सूचना मिल चुकी है कि खेड़ा द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी थे।” पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वे निर्धारित समय के भीतर आरोप पत्र दाखिल कर देंगे।
उन्होंने कहा, ”अगर वह सहयोग करना जारी रखते हैं, तो आरोप पत्र दाखिल करने में तेजी आएगी, लेकिन सहयोग नहीं करते हैं, तो इसमें समय लग सकता है। हम इस मामले को जल्द से जल्द निपटाना चाहते हैं।’