हांगकांग के जापानी रेस्तरां में सुशी में मिला परजीवी, तस्वीर लेते समय ग्राहक हुआ हैरान…

हांगकांग के एक जापानी रेस्टोरेंट का एक वीडियो सामने आया है।

इस वीडियो क्लिप में ऐसा लग रहा है कि एक ग्राहक को परोसी गई साशिमी (कच्ची मछली) के एक टुकड़े से एक परजीवी (parasite) बाहर निकल रहा है।

इस घटना ने कच्चे सीफूड (समुद्री भोजन) से बने व्यंजनों में भोजन की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह घटना तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी और रेस्टोरेंट ने इसके लिए माफी मांगी।

खाने में मिला परजीवी

‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ (SCMP) के मुताबिक, यह घटना 8 मई को हांगकांग के कॉजवे बे इलाके में स्थित जापानी रेस्टोरेंट चेन ‘गैटन सुशी’ की एक ब्रांच में हुई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘थ्रेड्स’ पर इस जापानी रेस्टोरेंट में गए एक ग्राहक के वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में, रेस्टोरेंट में खाने के दौरान ‘गोल्डन आई स्नैपर साशिमी’ के एक टुकड़े से पतला और धागे जैसा परजीवी (पैरासाइट) बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।

ग्राहक ने बताया कि खाना खाने से पहले जब वह डिश की फोटो लेने की तैयारी कर रहा था, तभी उसकी नजर उस पैरासाइट की हलचल पर पड़ी। इसके बाद उसने ईमेल के जरिए हांगकांग के ‘खाद्य और पर्यावरण स्वच्छता विभाग’ को इस मामले की जानकारी दी।

साशिमी जैसे कच्चे मछली के व्यंजनों में कभी-कभी परजीवी पाए जाने का खतरा रहता है। इस घटना के बाद, ‘गैटन सुशी’ ने इंस्टाग्राम पर एक माफीनामा जारी किया। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि इस तरह परजीवी का पाया जाना ग्राहकों के बीच चिंता का विषय बन गया है।

अपने बयान में, रेस्टोरेंट चेन ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया और कहा कि वे भोजन की सुरक्षा से जुड़े मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *