अमेरिका में फायरिंग से दहशत, लाइब्रेरी में दो की मौत के बाद आरोपी पकड़ा गया…

उत्तरी कैलिफोर्निया की एक लाइब्रेरी में सोमवार शाम को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई। चिको पुलिस विभाग के अनुसार, इस मामले में 18 साल के एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे कैलिफोर्निया के चिको स्थित ‘ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी’ में हुई। चिको पुलिस प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने बताया कि जब हमलावर लाइब्रेरी के पिछले दरवाजे से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

कौन है हमलावर और क्यों किया हमला?

पुलिस ने संदिग्ध की पहचान 18 वर्षीय ब्रैडली स्कॉट सायर के रूप में की है। उस पर हत्या के दो मामले दर्ज कर ब्यूट काउंटी जेल में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर अमेरिका के कुख्यात ‘कोलंबाइन स्कूल नरसंहार’ जैसी सामूहिक हत्या करना चाहता था।

वह लाइब्रेरी में आए किसी भी पीड़ित को पहले से नहीं जानता था। जांच में पता चला है कि उसने कोलंबाइन के हत्यारे एरिक हैरिस जैसे कपड़े पहन रखे थे। पुलिस का मानना है कि वह इंटरनेट पर सामूहिक हत्यारों को पसंद करने वाले एक ग्रुप से जुड़ा हुआ था और उसने इस सनक में अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।

घटना में क्या-क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं। एक शख्स को लाइब्रेरी के मुख्य दरवाजे पर और दूसरे को इमारत के पिछले हिस्से में गोली मारी गई। इस गोलीबारी की घटना में 74 वर्षीय रॉबर्ट जॉनसन की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 46 वर्षीय कोडी हल जो अपने दोस्त की बेटी को लाइब्रेरी घुमाने ले गए थे।  अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

कोडी हल के साथ आई बच्ची घायल

मिली जानकारी के अनुसार कोडी हल के साथ आई छोटी बच्ची कांच के टुकड़े लगने से मामूली रूप से घायल हो गई थी, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जांच के दौरान पुलिस को लाइब्रेरी के फर्श से एक शॉटगन मिली है। इसके अलावा, लाइब्रेरी की पार्किंग में खड़ी आरोपी की गाड़ी से दो और हथियार बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी की सभी शाखाओं को मंगलवार के लिए बंद कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *