शिकागो की रहने वाली भारतीय मूल की 28 वर्षीय अमेरिकी नागरिक सुंदास नकवी को डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने 43 घंटे तक हिरासत में रखा। सुंदास नकवी के वकील का मानना था कि उनकी यात्रा का इतिहास संदिग्ध था।
सनी के फैमिली ने हिरासत में रखने वाले अधिकारियों पर फोन लोकेशन ट्रैक करने के बावजूद झूठ बोलने और उन्हें बिना किसी स्पष्ट आधार के ‘अवैध’ तरीके से हिरासत में रखने का गंभीर आरोप लगाया। नकवी अब घर वापस आ गई हैं।
दरअसल, अमेरिकी नागरिक सुंदास (सनी) नकवी पांच अन्य लोगों के साथ जर्मन सॉफ्टवेयर कंपनी SAP SE में नौकरी के लिए भारत जा रहे थे। इस छह सदस्यीय समूह में सनी समेत तीन अमेरिकी नागरिक और तीन ग्रीन कार्ड धारक जिनके पास पाकिस्तानी पास्पोर्ट थे।
इन सभी छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया। तीनों ग्रीन कार्ड धारकों को इस्तांबुल में वीजा संबंधी समस्याओं के कारण वापस भेज दिया गया, जिसके बाद उनकी यात्रा रद कर दी गई।
30 घंटे तक हिरासत में रखा गया
नकवी के परिवार का कहना है कि उन्हें ब्रॉडव्यू भेजे जाने से पहले शिकागो ओ’हेयर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 30 घंटे तक हिरासत में रखा गया था।
परिवार उनके फोन की लोकेशन चेक कर रहा था, लेकिन जब उन्हें आईसीई सुविधा केंद्र ले जाया गया तो लोकेशन खो गई। हालांकि, अधिकारी परिवार के सदस्यों को लगातार यही कहते रहे कि उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है।
पुलिस वाले झूठ बोल रहे थे
नकवी की बहन सारा अफजल ने कहा, “पुलिस वाले हमारे सामने झूठ बोल रहे थे, हम उनसे पूछ रहे थे, देखो, उसकी लोकेशन यहीं है। हम उसके संपर्क में थे। लेकिन पुलिस वाले बार-बार यही कह रहे थे, ‘मुझे नहीं पता कि आपको क्या बताऊं।”
सारा अफजल ने बताया कि पुलिस वालों ने नकवी का नंबर मांगा ताकि वे सुविधा केंद्र में उसका फोन ढूंढ सकें। लगभग 10 मिनट बाद, फोन खोला गया, टेक्स्ट मैसेज पढ़े गए और फोन बंद कर दिया गया, और हमें उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया।”
यह मेरे लिए बहुत डरावना था
अफजल ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत डरावना था, और मुझे लगता है कि यह जानना वाकई डरावना है कि ऐसा किसी ऐसे व्यक्ति के साथ हो सकता है जो यहीं पैदा हुआ हो।
पूरी सुबह बस खुद को संभालने में ही बीत गई। वह नहीं चाहती कि यह मामला सिर्फ उसके बारे में हो। यह उन सभी लोगों के बारे में है जिन्हें अवैध रूप से हिरासत में लिया गया है।”
सीबीपी अधिकारियों ने परिवार के दावों का खंडन किया
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को सीबीपी के एक प्रवक्ता ने नकवी के परिवार के दावों का खंडन किया। उनका कहना है कि कानून प्रवर्तन जांच के आधार पर अतिरिक्त निरीक्षण के लिए ओ’हेयर पहुंचने पर उन्हें चिह्नित किया गया था। 90 मिनट के भीतर ही उन्हें रिहा कर दिया गया।