सिंगापुर में आयोजित तीन दिवसीय शांगरी-ला डायलॉग (एशिया सुरक्षा शिखर सम्मेलन) में अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ से एक पाकिस्तानी पत्रकार ने भारत के अग्नि-6 आईसीबीएम मिसाइल कार्यक्रम को लेकर सवाल पूछा।
पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने हेगसेथ से पूछा कि वे भारत की लंबी दूरी की मिसाइल क्षमता को कैसे आंकते हैं खासतौर पर अग्नि-6 आईसीबीएम के हालिया परीक्षण के संदर्भ में, जिसकी मारक क्षमता लगभग 12,000 किलोमीटर बताई जा रही है और जो यूरोप व अमेरिका के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकती है।
हेगसेथ का चतुर जवाब
हेगसेथ ने न तो भारत को और न ही पाकिस्तान को अमेरिका के लिए मिसाइल खतरा बताया जबकि मार्च में अमेरिकी खुफिया समुदाय की एक रिपोर्ट में पाकिस्तान के लंबी दूरी के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को अमेरिकी भूमि के लिए संभावित खतरा बताया गया था। हेगसेथ ने कहा कि वे इस मामले में किसी भी देश पर “उंगली नहीं उठा रहे।”
भारत की तारीफ
हेगसेथ ने शांगरी-ला डायलॉग में भारत की बढ़ती सैन्य ताकत की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत एक शक्तिशाली देश है जो अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है और उन्नत सैन्य अभियानों के लिए अपनी औद्योगिक व लॉजिस्टिक क्षमताओं का विस्तार कर रहा है।
पाकिस्तान को भी साधा
हेगसेथ ने ट्रंप और पाकिस्तानी नेतृत्व के बीच संबंधों को “एक अप्रत्याशित घटनाक्रम और एक सच्ची दोस्ती” बताया। उन्होंने अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका की भी सराहना की।