आफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संघर्ष फिर तेज हो गया है।
तालिबान सरकार ने कहा कि पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान पर मोर्टार और राकेट से हमले किए।
इन हमलों में चार लोग मारे गए हैं और 70 लोग घायल हैं। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इन दावों को झूठ बताकर खारिज कर दिया है।
तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला ने बताया कि कुनार प्रांत के असदाबाद में घरों और सैयद जमालुद्दीन अफगानी विश्वविद्यालय को निशाना बनाकर किए गए हमलों में घायल लोगों में 30 छात्र, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
अक्षम्य युद्ध अपराध घोषित
हमदुल्ला ने एक्स पोस्ट किया, हम पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा किए गए इन हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें आम लोगों को निशाना बनाया गया था। अफगानिस्तान ने इन हमलों को अक्षम्य युद्ध अपराध घोषित किया है।
वहीं पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने पोस्ट में कहा कि विश्वविद्यालय पर कोई हमला नहीं हुआ है। ये दावे निराधार हैं। गौरतलब है कि फरवरी में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के बीच उस समय भीषण संघर्ष छिड़ गया था, जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमले किए।
तालिबान ने किया आरोपों का खंडन
इस्लामाबाद ने कहा कि उसने आतंकी गढ़ों को निशाना बनाया था। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर आतंकियों को प्रश्रय देने का आरोप लगाया है, जबकि तालिबान ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि पाकिस्तान में आतंकवाद आंतरिक समस्या है।