केरलम के त्रिशुर में एक चलती हुई पिकअप वैन से लोहेव की कई छड़ें गिर गईं और बाइक चला रहे एक युवक के शरीर में घुस गईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान शेरिन जॉन के तौर पर हुई है। यह हादसा सुबह करीब 10.30 बजे त्रिशूर के कुट्टानेल्लूर इलाके में हाईलाइट मॉल के पास हुआ।
सामने आए एक वीडियो में दिख रहा है कि सड़क के बीचों-बीच एक ऑटो-रिक्शा अचानक यू-टर्न ले रहा है। इसकी वजह से ऑटो के पीछे चल रहे शेरिन और उसके पीछे लोहे की छड़ें ले जा रही पिकअप वैन को अचानक रुकना पड़ा।
बाइकर से शरीर में घुसीं लोहे के छड़ें, मौके पर मौत
अचानक रुकने की वजह से, लोहे की छड़ें, जो ट्रक पर ढीली बंधी हुई लग रहीं थीं, आगे की ओर खिसक गईं और शेरिन के शरीर में घुस गई। वीडियो में स्थानीय लोग छड़ों को हटाने और उसे बचाने के लिए घटनास्थल की ओर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शेरिन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और कहा है कि शेरिन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजा जाएगा।