ब्रिक्स घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा, BJP ने इसे बताया भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत…

भाजपा ने शनिवार को कहा कि ब्रिक्स के नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत है।

भाजपा ने यह भी कहा कि नई दिल्ली घोषणापत्र विकासशील देशों के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनाने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें शांति और सुरक्षा से लेकर आर्थिक सहयोग और न्यायपूर्ण वैश्विक व्यवस्था शामिल है।

गौरतलब है कि ब्रिक्स के घोषणापत्र में जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में हुए आतंकी हमले की निंदा की गई और राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने का आह्वान किया गया।

पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य लोग घायल हो गए थे।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट किया, भारत ब्रिक्स 2026 का नेतृत्व कर रहा है, जिससे ग्लोबल साउथ को और मजबूत आवाज मिलेगी। नई दिल्ली से भारत ने एक बार फिर अधिक प्रतिनिधित्व वाली और संतुलित दुनिया के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। ‘ग्लोबल साउथ’ से आशय दुनिया के विकासशील, कम विकसित और मध्यम आय वाले देशों से है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पोस्ट किया, भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत। ब्रिक्स आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। नई दिल्ली घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की स्पष्ट निंदा की गई है।

इसमें आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने, इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने, संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकियों और आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने, आतंकवाद के पनाहगाहों को खत्म करने तथा सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया गया है। इसमें कोई अस्पष्टता नहीं है। कोई दोहरा मापदंड नहीं है।

पहलगाम के मुद्दे पर ब्रिक्स देशों का रुख एक जैसा है। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी मुहिम को वैश्विक आम सहमति दिलाने में सफलता हासिल की है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा कि नई दिल्ली घोषणापत्र को सर्वसम्मति से अपनाया जाना शांति, संवाद और कूटनीति के प्रति साझा प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि करता है।

उन्होंने पोस्ट किया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सहयोग, संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और अधिक मजबूत एवं अधिक प्रतिनिधित्व वाले ‘ग्लोबल साउथ’ की पैरवी करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *