वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो के करीबी सहयोगी को जेल से छूटने के कुछ ही देर बाद अगवा किए जाने से सनसनी फैल गई है।
मचाडो ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर बताया कि चार गाड़ियों में पहुंचे बंदूकधारियों ने जुआन पाब्लो गुआनिपा को आधी रात के करीब अगवा कर लिया।
मचाडो ने मांग की कि जुआन को तत्काल रिहा किया जाए। वह आठ महीने से जेल में बंद थे।
भारी दबाव के बाद हुई थी रिहाई
इस साल जनवरी में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में पकड़े गए तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की जगह देश की सत्ता संभालनेवाली कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज की सरकार ने भारी दबाव में जेल से विपक्षी नेताओं को रिहा करना शुरू किया है।
तत्कालीन मादुरो शासन में सैकड़ों विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को महीनों या वर्षों से जेल में कैद करके रखा गया था। वेनेजुएला में कैदियों के अधिकारों के लिए लड़नेवाले समूह फोरो पेनल ने पुष्टि की है कि रविवार को 30 लोगों को जेल से छोड़ा गया है।
फोरो पेनल के प्रमुख अल्फ्रेडो रोमेरो ने भी गुआनिपा के लापता होने पर चिंता जताई है।