मणिपुर में एक बार फिर जातीय हिंसा भड़की: कुकी युवती से शादी करने वाले मैतेयी युवक का अपहरण, फिर गोली मारकर हत्या…

मणिपुर के चूड़चंदपुर जिले में कुकी उग्रवादियों ने मैतेयी समुदाय के एक युवक का अपहरण कर लिया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

इससे अशांत मणिपुर में तनाव और बढ़ गया है। हत्या के विरोध में मैतेयी समुदाय के लोगों ने गुरुवार को काकचिंग जिले में प्रदर्शन किया।

 इंफाल पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हुआ

उन्होंने सड़कों पर टायर जलाए, वाहनों को रोका और धरना दिया। इंफाल पूर्वी जिले के कुछ हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन हुआ।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय मयांगलांबम ऋषिकांत सिंह के रूप में हुई है। उसका विवाह कुकी आदिवासी समुदाय की युवती चिंगनु हाओकिप से हुआ था। विवाह के बाद उसने अपना नाम बदलकर गिनमिनथांग कर लिया था।

पुलिस ने बताया कि ऋषिकांत सिंह का बुधवार को उसके घर से अपहरण कर लिया गया और गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के पीछे यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी का हाथ होने का संदेह है।

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने ऋषिकांत की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मामला एनआइए को सौंप दिया गया है। राज्यपाल ने कहा कि दोषियों को पकड़ने के लिए बुधवार रात से ही गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

राज्य और केंद्र सरकार की समन्वित अभियान चला रही है और युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। कानून के अनुसार सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ऋषिकांत अपनी पत्नी के साथ 19 जनवरी को नेपाल से चूड़चंदपुर लौटा था। कुछ स्थानीय समूहों ने उसे अपनी पत्नी के साथ रहने की अनुमति दी थी।

मृतक के पिता मयांगलांबम टांबी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि नेपाल से आने के बाद वह चूड़चंदपुर में अपनी पत्नी के घर पर रह रहा था। उसने कभी अपने ठिकाने की जानकारी नहीं दी। बुधवार शाम को तीन हथियारबंद लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।

अपहरणकर्ता उसकी पत्नी को भी साथ ले गए, लेकिन बाद में उसे चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया। इस भयावह घटना का एक कथित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसमें मैतेयी युवक को गोली मारे जाने से पहले हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांगते हुए देखा जा सकता है।

कुकी और मैतेयी समुदाय में जारी है हिंसा

मई 2023 में हिंसा भड़कने के बाद से कुकी और मैतेयी समुदाय के लोग एक-दूसरे के इलाकों में जाने से कतराते हैं, जिससे राज्य जातीय आधार पर बुरी तरह विभाजित हो गया है। इस हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *