बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। उत्तर और पश्चिम ओडिशा में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मयूरभंज, क्योंझर, बालेश्वर और भद्रक जिलों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई है।
वहीं सुंदरगढ़, संबलपुर और सुवर्णपुर जिलों में भी मूसलाधार बारिश हुई है।
राज्य के आंतरिक जिलों में भी लगातार वर्षा हो रही है। भारी बारिश के कारण महानदी, बैतरणी, बुधाबलंग और सालंदी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया
बुधवार को राज्य के विभिन्न इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ कई पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं की भी खबरें सामने आई हैं।
भारी बारिश को देखते हुए मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक और संबलपुर जिलों में स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा गया है। वहीं जाजपुर जिले में भी एहतियातन अगले दो दिनों तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
हालात की लगातार समीक्षा की जा रही
राज्य में बारिश और बाढ़ से जुड़ी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है। लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बारिश और बाढ़ से संबंधित ताजा घटनाक्रमों की जानकारी लगातार अपडेट की जा रही है, ताकि लोगों तक हर महत्वपूर्ण और ब्रेकिंग खबर समय पर पहुंच सके।