राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने शुक्रवार को मास्को में रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने रक्षा सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया और रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
डोभाल ने मास्को में आयोजित पहले अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा फोरम के दौरान म्यांमार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टिन आंग सान से भी मुलाकात की। उन्होंने सुरक्षा, रक्षा, संपर्क और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।
म्यांमार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जुलाई में होने वाली 5वीं बिम्सटेक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के लिए भारत का दौरा करेंगे। इससे पहले, डोभाल ने रूस के सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु से भी मुलाकात की थी।
इस दौरान अजीत डोवाल ने रूस के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र का दौरा किया। विश्व की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री वेरा टेरेश्कोवा के नाम पर बने इस अंतरिक्ष केंद्र में डोभाल ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर मौजूद रूसी दल से बातचीत भी की।