जिले की 1 लाख 79 हजार 743 महिलाएं हो रहीं लाभान्वित
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना जिले की महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। इस योजना के तहत जिले की लाखों महिलाओं को हर माह उनके बैंक खातों में सीधे राशि प्राप्त हो रही है, जिससे उन्हें अपने दैनिक खर्चों और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहारा मिल रहा है।
वर्तमान में जिले की 08 परियोजनाओं में कुल 1 लाख 79 हजार 743 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है, जिनके खातों में हर माह 17 करोड़ 97 लाख 43 हजार रुपये की राशि राज्य शासन द्वारा अंतरित की जा रही है। यह सहायता राशि महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की आठ परियोजनाओं में से अंतागढ़ परियोजना अंतर्गत 15260 पात्र महिलाओं को 1 करोड़ 52 लाख 60 हजार रूपए, भानुप्रतापपुर परियोजना की 22492 महिलाओं को 2 करोड़ 24 लाख 92 हजार रूपए, चारामा की 27848 महिलाओं को 2 करोड़ 78 लाख 48 हजार रूपए, दुर्गूकोंदल की 15512 महिलाओं को 1 करोड़ 55 लाख 12 हजार रूपए, कांकेर परियोजना की 27478 महिलाओं को 2 करोड़ 74 लाख 78 हजार रूपए, कोयलीबेड़ा की 5449 महिलाओं को 54 लाख 49 हजार रूपए, नरहरपुर की 27578 महिलाओं को 2 करोड़ 75 लाख 78 हजार रूपए तथा पखांजूर परियोजना की 37829 महिलाओं को 3 करोड़ 78 लाख 29 हजार रूपए इस प्रकार प्रतिमाह 17 करोड़ 97 लाख 43 हजार रुपये की राशि राज्य शासन द्वारा अंतरित की जाती है। मार्च 2024 से फरवरी 2026 तक कुल 24 किश्तें राज्य शासन द्वारा जारी की जा चुकी हैं।
बेटियों का भविष्य सुरक्षित करने खातों में राशि जमा कर रहीं श्रीमती पुष्पा
कांकेर शहर के शांतिनगर निवासी श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा बताती हैं कि उन्हें अब तक महतारी वंदन योजना की 24 किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं। वे इस राशि का उपयोग अपनी दो बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कर रही हैं। उन्हांेने बताया कि हर माह अपनी दोनों बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खोले गए खातों में 500-500 रुपये प्रतिमाह जमा करती हैं। वे बताती हैं कि पहले सुकन्या समृद्धि योजना में नियमित रूप से राशि जमा करने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ती थी, लेकिन अब महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से यह कार्य आसान हो गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले की अन्य हितग्राही महिलाओं ने भी इस योजना के लिए प्रदेश सरकार के प्रति धन्यवाद देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में खुशहाली और आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया आधार बन गई है।