होर्मुज स्ट्रेट में तैनात अमेरिकी युद्धपोतों पर भोजन की कमी की खबरों को अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सिरे से खारिज कर दिया है।
उन्होंने इन रिपोर्टों को “फेक न्यूज” बताते हुए मीडिया पर तीखा हमला बोला।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल दावों में कहा गया था कि यूएसएस अब्राहम लिंकन और यूएसएस ट्रिपोली पर तैनात सैनिकों को पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा और वे लगातार भूख महसूस कर रहे हैं।
इन दावों के आधार पर जहाजों पर खराब भोजन व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए थे।
’30 दिन ज्यादा दिनों का खाना मौजूद’
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी नौसेना की लॉजिस्टिक व्यवस्था मजबूत है और दोनों युद्धपोतों पर 30 दिन से अधिक का खाद्य भंडार मौजूद है।
उन्होंने कहा कि नौसेना की सेंट्रल कमांड रोजाना हर जहाज की आपूर्ति की निगरानी करती है।
‘खबरें पूरी तरह से गलत’
अमेरिकी नौसेना ने भी आधिकारिक बयान जारी कर इन खबरों को “पूरी तरह गलत” बताया।
नौसेना के अनुसार, समुद्र में लंबे अभियानों के दौरान मेन्यू में बदलाव सामान्य प्रक्रिया है, जिससे युद्धपोतों की संचालन क्षमता बनाए रखी जाती है।