केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
बेंगलुरु में ‘विकसित भारत संकल्प समावेश’ कार्यक्रम में भाजपा के 12 साल के शासन का जश्न मनाते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधने के चक्कर में भारत और उसके लोगों की उपलब्धियों को कमतर आंक रहे हैं।
कोई संकट नहीं, भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वित्त मंत्री ने साफ किया कि राहुल गांधी जैसा दिखा रहे हैं, देश में वैसा कोई आर्थिक संकट नहीं आने वाला है।
राहुल लगातार दावा कर रहे हैं कि अगले कुछ हफ्तों में सब कुछ ढह जाएगा, लेकिन सच यह है कि भारत तिमाही दर तिमाही और साल दर साल सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिकी बना हुआ है। सीतारमण ने कहा कि यह सिर्फ केंद्र सरकार का दावा नहीं है, बल्कि जीडीपी के आंकड़े और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) भी इसकी पुष्टि करते हैं।
राहुल गांधी की लगातार आलोचना से नागरिकों में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर गलत धारणा बन सकती है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद निर्बाध आपूर्ति पश्चिम एशिया के संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इन परिस्थितियों में कच्चे तेल, एलपीजी की कीमतों और वैश्विक शिपिंग पर भारी असर पड़ा है।
इन सब चुनौतियों के बावजूद मोदी सरकार ने देश में जरूरी सामानों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की है। इसके अलावा, रुपये-डालर के उतार-चढ़ाव पर उन्होंने कहा कि यह वैश्विक कारकों और कच्चे तेल-सोने के आयात पर निर्भरता के कारण है, और आरबीआइ केवल अत्यधिक अस्थिरता को रोकने के लिए हस्तक्षेप करता है। इस दौरान सीतारमण ने बेंगलुरु के अंजनेय स्वामी मंदिर के पास ‘स्वच्छ भारत’ अभियान में भाग लिया और पौधे भी लगाए।