एनआईए ने शुक्रवार को एक पाकिस्तानी हैंडलर और सीमा पार से रची जा रही आतंकी साजिश के सिलसिले में देश के चार राज्यों में 12 स्थानों पर एक साथ छापामारी की।
एनआईए के अधिकारियों के अनुसार, यह तलाशी अभियान उत्तर प्रदेश में पांच, महाराष्ट्र में तीन, राजस्थान में दो और बिहार में दो ठिकानों पर चलाया गया। यह पूरी कार्रवाई उन संदिग्धों को निशाना बनाकर की गई है, जिनके संबंध इस पूरे नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।
पाकिस्तान से हो रहा था ऑपरेट
जांच में सामने आया है कि इस साजिश का मुख्य सूत्रधार एक पाकिस्तानी ऑपरेटर है, जिसकी पहचान जसवीर चौधरी के रूप में हुई है। जसवीर ने अपने भारतीय सहयोगियों के साथ मिलकर भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन ड्रॉप के माध्यम से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी जैसी विस्फोटक सामग्रियां मंगवाई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी इन हथियारों की मदद से पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सिलसिलेवार धमाके करने की योजना बना रहे थे, ताकि बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान पहुंचाया जा सके।
सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला
एक अन्य मामले में, एनआईए ने मंगलवार को हरियाणा के सिरसा में नवंबर 2025 में हुए महिला पुलिस स्टेशन ग्रेनेड हमले के सिलसिले में नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इन आरोपियों में दो पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी और सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच के साथ-साथ कई भारतीय गुर्गे शामिल हैं।
इन सभी पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए भर्ती
एनआईए की जांच के अनुसार, यह हमला पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकवादी बने शहजाद भट्टी की उस बड़ी साजिश का हिस्सा था, जिसका मकसद भारत में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना और दहशत फैलाना था। जांच में खुलासा हुआ कि इन आरोपियों को सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए कट्टरपंथी बनाया गया और भर्ती किया गया था।
इस मॉड्यूल को भारत में संभालने वाला मुख्य आरोपी धीरज था। आरोपियों ने रेकी करने के बाद सिरसा महिला पुलिस स्टेशन को चुना और पंजाब से ग्रेनेड हासिल किया था। दहशत फैलाने के लिए 25 नवंबर 2025 को किए गए इस हमले का मोबाइल फोन पर वीडियो भी बनाया गया था। फिलहाल, फरार सदस्यों की तलाश और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच जारी है।