न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने बंगाली में किया ब्रॉडवे टिकट का ऐलान, यूजर बोला- ‘आपकी बांग्ला तो मुझसे भी बेहतर है’…

न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने बंगाली में किया ब्रॉडवे टिकट का ऐलान, यूजर बोला- ‘आपकी बांग्ला तो मुझसे भी बेहतर है’…

न्यूयार्क के मेयर जोहरान ममदानी ने एक अनोखी पहल की घोषणा करते हुए बंगाली भाषा में संबोधन कर लोगों को चौंका दिया।

उन्होंने न्यूयार्क शहर के हाईस्कूल विद्यार्थियों के लिए दो हजार से अधिक मुफ्त ब्राडवे टिकट उपलब्ध कराने की घोषणा की।

ये टिकट लाटरी के माध्यम से विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। ममदानी ने इस पहल की घोषणा अंग्रेजी के साथ बंगाली में भी की, जिसके बाद इंटरनेट मीडिया पर उनकी भाषा दक्षता की जमकर चर्चा होने लगी।

ममदानी ने बंगाली में मुफ्त ब्राडवे टिकटों की घोषणा की

यह पहल थिएटर डेवलपमेंट फंड के साथ साझेदारी में शुरू की गई है। इसके तहत विद्यार्थियों को बिना कोई टिकट शुल्क दिए सात चयनित ब्राडवे शो में से किसी एक को देखने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी मुफ्त लाटरी में हिस्सा लेकर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

ममदानी ने कहा कि दुनिया भर से लोग न्यूयार्क आकर ब्राडवे के थिएटर और सांस्कृतिक माहौल का अनुभव करने का सपना देखते हैं। ऐसे में जो बच्चे न्यूयार्क में बड़े हो रहे हैं, उन्हें भी अपनी आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना शहर की इस सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर अंग्रेजी में इस पहल की जानकारी देते हुए लिखा कि लोग दुनिया के हर हिस्से से ब्राडवे का अनुभव लेने न्यूयार्क आते हैं और शहर में बड़े होने वाले बच्चों को भी ऐसा करने का अवसर मिलना चाहिए।

बंगाली बोलकर ममदानी ने खींचा ध्यान

मुफ्त टिकट की घोषणा के दौरान ममदानी का बंगाली में बोलना इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का खास विषय बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी बंगाली भाषा की सराहना की और इसे न्यूयार्क की विविधता का शानदार उदाहरण बताया।

एक यूजर ने लिखा, ‘यह शानदार है। इसी तरह आगे बढ़ते रहिए। नेतृत्व का उदाहरण पेश करने के साथ न्यूयार्क की विविधता भी दिखाई जा रही है।’

वहीं एक अन्य यूजर ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘मैं रो रही हूं, आपकी बंगाली तो मुझसे भी बेहतर है।’ एक तीसरे यूजर ने पूछा कि ममदानी कितनी भाषाएं बोलते हैं और उनकी भाषा क्षमता पर आश्चर्य जताया।

मुफ्त ब्राडवे टिकट की यह पहल न केवल विद्यार्थियों को सांस्कृतिक अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि ममदानी के बंगाली में संवाद करने से न्यूयार्क की बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक पहचान भी चर्चा में आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *