साइबर ठगी का नया तरीका: पहले जीता भरोसा, फिर गेमिंग वेबसाइट ने 17.50 लाख की ठगी की…

ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए साइबर ठगों ने हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के युवक से करीब 17 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मोहल्ला रफीक नगर, बिलाल मस्जिद के पास रहने वाले आसिफ पुत्र खालिद ने बताया कि उसने सितंबर 2025 में एक ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट पर गेम खेलना शुरू किया था।

शुरुआत में उसने कम रकम लगाकर गेम खेला और जब छोटे-छोटे अमाउंट का विड्राल किया तो उसे मुनाफे के साथ रुपये आसानी से मिल गए। इससे उसका इस वेबसाइट पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उसने धीरे-धीरे बड़ी रकम वेबसाइट पर जमा करनी शुरू कर दी।

‘पैसे निकालने से मना करते हैं, खेलने को करते हैं मजबूर’

जब उसने बड़ी राशि का विड्रॉल करने का प्रयास किया तो वेबसाइट संचालकों ने रुपये देने से मना कर दिया। कई बार अलग-अलग कारण बताकर विड्रॉल प्रक्रिया को लंबा किया गया। इतना ही नहीं और कई बार विड्राल को असफल दिखा दिया गया।

आरोप है कि वेबसाइट संचालक जानबूझकर इस तरह की प्रक्रिया अपनाते हैं, जिससे व्यक्ति को दोबारा गेम खेलने के लिए मजबूर किया जाता है और वह लगातार रुपये जमा करता रहता है। इसी तरह उसके साथ कुल मिलाकर करीब 17 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे पूरा संदेह है कि यह वेबसाइट एक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जो लोगों को पहले छोटे-छोटे अमाउंट देकर भरोसा दिलाती है और बाद में बड़ी रकम का भुगतान नहीं करती।

क्या बोले एसपी

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वेबसाइट तथा उससे जुड़े बैंक खातों व तकनीकी जानकारी की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान ऑनलाइन गेमिंग या निवेश प्लेटफार्म पर निवेश से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की साइबर ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *