देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है।
प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को 22 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा रद कर दी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, लीक की शुरुआत महाराष्ट्र के नासिक से हुई, जहां से प्रश्नपत्र की पहली डिजिटल कॉपी सामने आई।
कौन है शुबम खैरनार?
सीबीआई ने नासिक के इंदिरानगर निवासी 30 वर्षीय शुबम खैरनार को हिरासत में लिया है। वह बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) का छात्र बताया जा रहा है।
आरोप है कि उसने पुणे के एक संदिग्ध से NEET का लीक पेपर 10 लाख रुपये में खरीदा और बाद में हरियाणा के एक खरीदार को 15 लाख रुपये में बेच दिया।
इस सौदे से उसने करीब 5 लाख रुपये का मुनाफा कमाया। जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रश्नपत्र को एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप के जरिए फैलाया गया था।
मंदिर जाते समय हिरासत में लिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार दोपहर सीबीआई ने शुबम को उस समय हिरासत में लिया जब वह कथित तौर पर मंदिर जा रहा था। जांचकर्ताओं का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने बाल कटवाकर अपना हुलिया बदल लिया था। हालांकि, पुरानी तस्वीरों और तकनीकी निगरानी की मदद से उसकी पहचान कर ली गई।
स्थानीय अपराध शाखा (LCB) द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद शुबम के पिता मधुकर खैरनार ने बेटे पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उसका नाम सामने आया है तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।