पेपर लीक को लेकर संसद परिसर में जोरदार हंगामा, प्रदर्शन के दौरान आमने-सामने आए NDA और विपक्षी सांसद…

मानसून सत्र के बीच संसद भवन परिसर में नीट पेपर लीक और राहुल गांधी के पीएम आवास पर किए गए प्रदर्शन को लेकर गुरुवार सुबह फिर हंगामा देखने को मिला। NDA और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आ गए। संसद के मकर द्वार पर दोनों तरफ के सांसदों ने एक-दूसरे के सामने प्रदर्शन किया।

नारेबाजी के साथ दोनों पक्ष अपने-अपने मुद्दों को लेकर मकर द्वार पर डटे रहे।

NDA सांसदों ने जहां राहुल गांधी के पीएम आवास पर किए गए प्रदर्शन को लेकर प्रदर्शन किया तो, वहीं विपक्षी सांसद ने नीट पेपर लीक को लेकर मुखर दिखे। दोनों तरफ से सांसदों के बीच नारेबाजी हुई।

इस टकराव की वजह NEET पेपर लीक का मुद्दा है। सरकार का कहना है कि शिक्षा मंत्रालय की शिकायत पर CBI ने जांच शुरू की और अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया। पीएम मोदी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है और आगे ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सिस्टम को मजबूत बनाया जाएगा।

वहीं नीट पेपर लीक पर सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसने CBI जांच कराई, दोषियों की गिरफ्तारी भी हुई है। विपक्ष का आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में सरकार और NTA नाकाम रहे। लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।

इसी बीच छात्रों के धरना प्रदर्शन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के बीच पीएम मोदी न एक्स पर बड़ा एलान किया। उन्होंने लिखा देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।

पीएम के इस एलान पर कांग्रेस नेता और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, बल्कि उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *