NCERT की नई पहल: कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए AI-CT आधारित पाठ्यक्रम शुरू…

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ( एनसीईआरटी ) ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए कंप्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित एक 20 घंटे का इंट्रोडक्टरी मॉड्यूल यानी परिचयात्मक पाठ्यक्रम शुरू किया है।

इस मॉड्यूल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को केवल तकनीक का इस्तेमाल करना ही नहीं, बल्कि डीपफेक की पहचान, डाटा प्राइवेसी और एआई के नैतिक इस्तेमाल से जुड़ी सीमाओं को समझाना है। इस कोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि बिना कंप्यूटर या इंटरनेट वाले स्कूलों के छात्र भी इसे आसानी से सीख सकें।

क्या है मकसद?

एनसीईआरटी ने गतिविधि आधारित यह मॉड्यूल आईआईटी मद्रास और आईआईटी जोधपुर के साथ मिलकर तैयार किया है। इस मॉड्यूल को बनाने के पीछे मकसद विद्यार्थियों को एआई की कार्यप्रणाली समझाना, उसकी सीमाओं का आकलन करने और एआई प्रणालियों के नतीजों की पुष्टि किए बिना उन पर निर्भर रहने के बजाय उनका सावधानीपूर्वक, आत्मविश्वास के साथ, रचनात्मक और जिम्मेदारी से इस्तेमाल व मूल्यांकन करना सिखाना है।

इसमें छात्रों को इंटरनेट मीडिया पर फैलने वाली झूठी खबरों और डीपफेक वीडियो/आडियो को पहचानने के तरीके सिखाए जाएंगे। उन्हें सिखाया जाएगा कि वे डिजिटल सामग्री पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *