संगीत कलाकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में जाकर पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन पर पक्षपात करने व कटमनी लेने का आरोप लगाया है।
गायक ऋद्धि बंद्योपाध्याय, दोला मुखोपाध्यायव अन्य कलाकारों ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में संगीत जगत में सिंडिकेट राज चलता था, जिसके चलते कई योग्य कलाकारों को सरकारी मंचों व आयोजनों में अवसर नहीं मिल पाता था।
इसके साथ ही उन्होंने कटमनी और आर्थिक लेन-देन के भी आरोप लगाए। दूसरी तरफ इंद्रनील सेन ने कहा कि ये आरोप राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित हैं। यदि किसी के पास आर्थिक लेन-देन का प्रमाण है तो वह उसे सामने लाए।
दिव्यांग पति को पीठ पर उठाकर पहुंची पत्नी ने लगाई गुहार
जनता दरबार में एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। सुंदरबन से एक महिला अपने दिव्यांग पति को पीठ पर उठाकर सहायता की उम्मीद में पहुंची।
दिव्यांग पति संन्यासी मंडल ने कहा, हमें चलने-फिरने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की जरूरत है। आवास योजना का लाभ अभी तक हमें नहीं मिला है। मेरी पत्नी पत्नी लक्ष्मी भंडार योजना से भी वंचित है। मुख्यमंत्री ने हमारी बातें सुनी हैं और सात दिनों के अंदर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।