बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें 40 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना नबग्राम क्षेत्र के पोमिया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर उस समय हुई, जब एक बस की डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, बस में सवार अधिकांश लोग मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नबग्राम में चुनावी जनसभा के बाद लौट रहे थे। यह सभा भोलाडांगा मैदान में आयोजित की गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही शिवपुर टोल प्लाजा से एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, चार गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बहरमपुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों के समुचित इलाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।